सामूहिक विवाह समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के स्वागत में हुई कथित प्रोटोकॉल चूक पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने जिला प्रशासन को जमकर फटकार लगाई। मंच से ही कलेक्टर और एसपी को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप स्वागत नहीं किया गया, जो बेहद गंभीर विषय है।
डॉ. रमन सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा, “मैं 15 साल मुख्यमंत्री रहा, लेकिन अपने पूरे राजनीतिक जीवन में प्रोटोकॉल की ऐसी दुर्गति कभी नहीं देखी। अधिकारियों को शायद नियमों की जानकारी ही नहीं है।” उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद थे, इसके बावजूद मुख्यमंत्री का स्वागत पीछे से किया गया, जो प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन है।

विधानसभा अध्यक्ष ने प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी नसीहत देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यक्रमों में प्रशासनिक गरिमा, अनुशासन और प्रोटोकॉल का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस घटनाक्रम के बाद समारोह में मौजूद नेताओं और अधिकारियों के बीच भी चर्चा का माहौल रहा। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मुख्यमंत्री के स्वागत में हुई इस चूक ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और प्रोटोकॉल पालन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।







