कांकेर।छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कापसी इलाके में एक निजी अस्पताल में उस समय भारी बवाल मच गया, जब इलाज के दौरान एक महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे बड़े अस्पताल रेफर नहीं किया। परिवार का कहना है कि डॉक्टर बार-बार “सब ठीक है” कहकर इलाज करते रहे, लेकिन सुबह बच्ची ने दम तोड़ दिया।
मौत के बाद नाराज़ परिजन और गांव के लोग अस्पताल पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू हो गया। गुस्साए लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की, सामान बाहर फेंक दिया और कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। बढ़ते विवाद को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल अस्पताल को बंद कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया है कि पूरे मामले की जांच के लिए सीएमएचओ की टीम बनाई गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






