स्कूल में नाचा के दौरान नोट उड़ाने पर प्रशासन सख्त, रोजगार सहायक की नौकरी गई

Madhya Bharat Desk
1 Min Read

कोरिया।कोरिया जिले के सोनहत जनपद पंचायत क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। स्कूल परिसर में आयोजित पारंपरिक ‘नाचा’ कार्यक्रम के दौरान खुलेआम नोट उड़ाने के मामले में रोजगार सहायक जिंदर साय सोनवानी को पद से बर्खास्त कर दिया गया है।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद जनपद पंचायत प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच कराई। जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित कर्मचारी का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत है और इसे गंभीर कदाचार की श्रेणी में रखा गया।

प्रशासन की ओर से रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब को संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद जनपद पंचायत ने तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक करने का आदेश जारी कर दिया।

इस कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। वहीं प्रशासन ने दो टूक संदेश दिया है कि शैक्षणिक परिसरों की मर्यादा और सरकारी सेवकों की जिम्मेदारी से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसे मामलों पर और भी सख्त रुख अपनाया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment