रायपुर। भीषण गर्मी के बीच आम लोगों को बिजली और पानी जैसी जरूरी सुविधाओं में किसी तरह की परेशानी न हो, इसको लेकर रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल लगातार मैदान में उतरकर जनता की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के निर्देश दे रहे हैं।
इसी क्रम में उन्होंने रायपुर के जोन-5 अंतर्गत अश्विनी नगर में आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ जनसमस्या निवारण शिविर में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने लोगों की शिकायतें ध्यान से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने बिजली, पानी, पेंशन, सफाई, स्वास्थ्य, राजस्व और अवैध शराब बिक्री से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं। इस पर सांसद ने कहा कि गर्मी के इस समय में जनता को राहत देना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है, इसमें किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि जब जोन, नगर निगम और जिला कार्यालय नियमित रूप से खुले रहते हैं तो फिर बड़ी संख्या में लोग शिविरों तक अपनी शिकायतें लेकर क्यों आ रहे हैं। उन्होंने इसे लापरवाही का संकेत बताया और कहा कि शिकायतों की संख्या ही विभागों की कार्यशैली को दिखाती है।

सांसद ने बिजली विभाग को निर्देश दिए कि खराब और कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर तुरंत बदले जाएं, बार-बार होने वाली बिजली कटौती रोकी जाए और जरूरत वाले क्षेत्रों में नए पोल लगाए जाएं। शिविर में बिजली से जुड़ी करीब 35 शिकायतें आईं।
जल विभाग से जुड़ी लगभग 70 शिकायतों पर उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति, नए कनेक्शन और अन्य समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।

अवैध शराब बिक्री की शिकायतों पर सांसद ने पुलिस और आबकारी विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि तीन दिनों के भीतर इस पर रोक लगाई जाए। उन्होंने इसे सिर्फ कानून व्यवस्था नहीं, बल्कि समाज और युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
शिविर में भाटागांव, मठपुरैना, पुरानी बस्ती, खो-खो तालाब, टिकरापारा और अवधपुरी क्षेत्रों से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मुख्य रूप से सामने आईं।

इसके अलावा रायपुरा चौक के चौड़ीकरण को लेकर भी सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया।
शिविर में 0 से 5 वर्ष के बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं 16 लोगों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए गए। कौशल विकास और श्रम विभाग से भी कुछ आवेदन प्राप्त हुए।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और अन्य योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 2 लाभार्थियों को मकान की चाबी भी सौंपी गई।
स्वास्थ्य शिविर में जांच के दौरान 7 से 8 लोगों में मोतियाबिंद की पहचान हुई, जिनके इलाज की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं सफाई और स्वास्थ्य विभाग को 33 शिकायतें मिलीं, जिनमें डेयरी हटाने से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं।

पेंशन से जुड़ी समस्याओं पर सांसद ने चिंता जताई और कहा कि 19 लोगों को समय पर पेंशन नहीं मिलना ठीक नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी पात्र लोगों को समय पर पेंशन मिलनी चाहिए।
अंत में सांसद ने कहा कि सुशासन का मतलब सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं है, बल्कि लोगों की समस्याओं का जमीन पर तुरंत समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

शिविर में महापौर, जोन अध्यक्ष, नगर निगम के एमआईसी सदस्य, पार्षद, नगर निगम कमिश्नर, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।







