छत्तीसगढ़ में एक भाजपा नेत्री और उनके पति का शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों बंदूक लहराते और फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि मामला रायपुर से जुड़ा है। वीडियो सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला एक पूर्व विधायक के करीबी परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। भाजपा नेत्री और उनके पति किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल हुए थे, जहां जमकर हर्ष फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि महिला का पति बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी है।
एक ही बंदूक से की फायरिंग
वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि भाजपा नेत्री और उनके पति एक ही बंदूक से बारी-बारी से गोली चला रहे हैं। हालांकि अभी तक यह पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है कि घटना रायपुर की ही है या किसी अन्य जगह की। लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
महिलाओं और बच्चों के हाथों में भी दिखे हथियार
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में शादी समारोह के दौरान कुछ महिलाएं और युवतियां भी हथियारों के साथ नजर आ रही हैं। वहीं एक वीडियो में एक बच्चा भी बंदूक पकड़े दिखाई दिया। इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने चिंता जाहिर की है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
गानों और डीजे के बीच बनाई गई रील
शादी समारोह में डीजे और फिल्मी गानों के बीच हर्ष फायरिंग की गई। वायरल वीडियो में ‘धुरंधर’ फिल्म के गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। वीडियो वायरल होते ही लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कई लोगों ने इसे कानून का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण ने मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को हथियार का लाइसेंस दिया गया है, उनके उपयोग की नियमित जांच होनी चाहिए। लाइसेंस का सही इस्तेमाल हो रहा है या नहीं, इसकी पूरे प्रदेश में समीक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।
सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि सार्वजनिक समारोहों में खुलेआम हथियारों से फायरिंग करना कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है।



