नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान सामने आई गड़बड़ियों और अनियमितताओं की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग कराने का फैसला लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह सभी बूथ दक्षिण 24 परगना जिले के अंतर्गत आते हैं। इनमें मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथ शामिल हैं। इन केंद्रों पर 2 मई को पुनर्मतदान कराने का आदेश है।
चुनाव आयोग ने यह निर्णय स्थानीय स्तर पर मिली शिकायतों और चुनाव पर्यवेक्षकों (ऑब्जर्वर्स) की रिपोर्ट के आधार पर लिया है। इससे पहले राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने भी संकोच जताया था कि संवेदनशील इलाकों में दोबारा मतदान हो सकता है।
राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान पूरा हो चुका है और अब 4 मई को मतगणना होनी है। उससे पहले 2 मई को पुनर्मतदान होगा।



