भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए जहां एक-एक बूंद पानी कीमती बन चुकी है, वहीं छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अधिकारी के पालतू तोते को पेड़ से उतारने के लिए फायर ब्रिगेड की मदद ली गई और इस दौरान हजारों लीटर पानी बहा दिया गया।
मामला नारायणपुर के ओबीसी बॉयज हॉस्टल परिसर के पास का बताया जा रहा है, जहां एक पालतू तोता कहीं से उड़कर आ गया और पेड़ की ऊंची डाल पर जाकर बैठ गया। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं उतरा तो उसे सुरक्षित नीचे लाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और पाइप के जरिए तेज पानी की बौछारें डालनी शुरू कर दीं। तोता काफी ऊंचाई पर बैठा था, ऐसे में उसे नीचे लाने के लिए लगातार पानी डाला जाता रहा। काफी मशक्कत के बाद तोता नीचे आया।
लेकिन इस पूरी कवायद में हजारों लीटर पानी बहा दिया गया, जबकि क्षेत्र पहले से ही भीषण गर्मी और पानी की कमी से जूझ रहा है। आरोप यह भी है कि छत्तीसगढ़ में कही भी आग लगने पर भी फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच पाती, उसके आते आते सब कुछ जलकर राख हो चुका होता है पर यहां अधिकारी का एक तोता पेड़ से नीचे उतारने फायर ब्रिगेड समय से पहुंच गई।



