बाबा बनकर महिला से दुष्कर्म, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल — आरोपी हिमाचल से गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

पामगढ़। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में खुद को बाबा बताकर महिला के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 26 मार्च को आरोपी ने शारीरिक पीड़ा दूर करने का झांसा दिया और उसे नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद आरोपी ने तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।

इतना ही नहीं, इस दौरान आरोपी ने महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। बाद में आरोपी ने इन वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने महिला से 2 लाख रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा।

पीड़िता की शिकायत के बाद पामगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। आरोपी खुद को कानून से ऊपर समझते हुए दावा करता था कि पुलिस उसे कभी नहीं पकड़ पाएगी, लेकिन पुलिस ने उसकी यह गलतफहमी जल्द ही दूर कर दी।

15 अप्रैल को पुलिस टीम आरोपी की तलाश में रवाना हुई और महज चार दिनों के भीतर हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक जंगल क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जहां वह छिपकर रह रहा था।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पामगढ़ लाया गया, जहां उसे न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment