धमतरी।छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है जिसमें स्थानीय लोग किसी इंसान नहीं बल्कि एक बैल को लेकर कोतवाली थाना पहुंच गए और उसपर FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग करने लगे।
मामला यह है कि धमतरी शहर में आवारा मवेशियों से स्थानीय लोग परेशान हो चुके है. उनका आरोप है कि नगर निगम में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इन्हीं के बीच एक बेकाबू बैल ने आतंक मचा रखा है. बताया जा रहा है कि इस बेकाबू बैल ने धमतरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी के घर में भी उत्पात मचाया है और उनके पिता को घायल कर दिया है। लोगो का कहना है इसके आतंक से अब तक तीन लोग घायल हो चुके है।
शिकायत के बाद भी नगर निगम द्वारा समस्या का समाधान नहीं किए जाने पर लोगो ने खुद मोर्चा संभाला और बेकाबू बैल को गाड़ी में भरकर सीधे कोतवाली थाना पहुंच गए। यहां लोगो ने बैल पर FIR दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की है जिससे पुलिस वाले भी हैरान रह गए।
पुलिस ने लोगों को समझाया और कहा कि आवारा मवेशियों के मामले में नगर निगम से शिकायत की जानी चाहिए. पुलिस द्वारा समझाये जाने के बाद लोगों ने बैल को अपने वाहन से कांजी हाउस पहुंचा दिया।






