मां गंगा की आरती में पहुंचे सांसद बृजमोहन, छत्तीसगढ़ की सुख-शांति के लिए की प्रार्थना

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

हरिद्वार/रायपुर।संसदीय प्राक्कलन समिति के उत्तराखंड अध्ययन दौरे पर पहुंचे रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने हरिद्वार में मां गंगा की संध्या आरती में भाग लिया। उन्होंने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर देश और छत्तीसगढ़ की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि मां गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक हैं। उन्होंने गंगा आरती के दौरान देशवासियों के कल्याण और छत्तीसगढ़ की प्रगति के लिए प्रार्थना की।

इससे पहले अध्ययन दौरे के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने हरिद्वार स्थित भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) की विनिर्माण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने BHEL के इंजीनियरों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश का प्रमुख ‘पावर हब’ है और यहां के बिजली संयंत्रों को BHEL की तकनीक और उपकरणों से मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार स्थित BHEL प्लांट देश की ऊर्जा और रक्षा शक्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है। संयंत्र में भारी टर्बाइन, टर्बो जनरेटर, औद्योगिक मोटर्स, कास्टिंग और फोर्जिंग के साथ रक्षा क्षेत्र से जुड़ी आधुनिक प्रणालियों का निर्माण किया जा रहा है। सांसद ने BHEL प्रबंधन से अनुसंधान एवं विकास को मजबूत करने और ऊर्जा व रक्षा क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप उत्पादन क्षमता बढ़ाने का आह्वान किया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment