नई दिल्ली:देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन यानी IBA और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी UFBU के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। बैठक रात करीब 9:30 बजे हुई थी।
हड़ताल टालने के पीछे बैंक यूनियनों और IBA के बीच कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े कुछ प्रमुख मुद्दों पर बनी सहमति को बताया जा रहा है। सबसे अहम मुद्दा सभी शनिवारों को बैंक अवकाश घोषित करने की मांग है। इस पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति बनाई जाएगी, जो सभी विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों व बैंक ग्राहकों से चर्चा करके समाधान तलाशेगी।

इसके अलावा स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन यानी परफॉर्मेंस लिंक्ड इनसेंटिव (PLI) योजना में बदलाव पर भी बातचीत होगी। यूनियनों की आपत्तियों और सुझावों के आधार पर IBA सरकार के सामने संशोधन का प्रस्ताव रखेगा।
बैठक में 8 मार्च 2024 की बैठक के कार्यवृत्त में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों को भी जल्द बातचीत के जरिए सुलझाने पर सहमति बनी है। इन मुद्दों पर आगे की प्रक्रिया के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
ग्राहकों को राहत
हड़ताल टलने के बाद 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुली रहेंगी। इससे नकद निकासी, जमा, चेक और अन्य शाखा-आधारित सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।





