नई दिल्ली।दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव की मतगणना पूरी हो गई है। चुनाव नतीजों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की है। इस तरह ABVP ने तीन प्रमुख पदों पर जीत के साथ 3-0 का परिणाम अपने नाम किया, जबकि NSUI को इन तीनों पदों पर हार का सामना करना पड़ा।
अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास ने जीत दर्ज की। 18वें राउंड तक उन्हें 21,109 वोट मिले, जबकि NSUI के विजय शंकर मीणा को 20,554 वोट मिले। दोनों के बीच मुकाबला काफी करीबी रहा और कुछ सौ वोटों के अंतर से नतीजा तय हुआ।
सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी ने NSUI की नम्रता चौधरी को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की। रिया छावड़ी को 18,366 वोट, जबकि नम्रता चौधरी को 13,451 वोट मिले।
वहीं, संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने जीत दर्ज की। उन्हें 14,182 वोट मिले। NSUI के गोपाल चौधरी को 13,829 वोट, जबकि SCS के विशेष यादव को 14,045 वोट मिले। इस पद पर भी मुकाबला काफी नजदीकी रहा।
हालांकि, उपाध्यक्ष पद का नतीजा बाकी पदों से अलग रहा। यहां निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन ने बढ़त बनाते हुए जीत हासिल की। उन्हें 27,501 वोट मिले। ABVP के ईशु मौर्य को 14,506 वोट, जबकि NSUI के वीर छत्रथ को 3,827 वोट मिले।
DUSU चुनाव में NSUI को लगातार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में तीन प्रमुख पदों पर ABVP की जीत को NSUI के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। खास बात यह भी है कि जिस समय कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल हो रहे थे, उसी दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के नतीजे सामने आए, जहां NSUI तीन प्रमुख पदों पर जीत हासिल नहीं कर सकी।






