गौवंश संरक्षण या क्रूरता? मंत्रियों के बंगलों के पास कथित मारपीट से उठे गंभीर सवाल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ में गौवंश के संरक्षण को लेकर भाजपा की राजनीति और सरकार की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि गौमाता के संरक्षण के नाम पर भाजपा सरकार लोगों से वोट मांगती है परंतु सत्ता में आने के बाद गौमाता के साथ बेहद क्रूरता भरे कृत्य कर रही है।

राजधानी रायपुर में मंत्रियों के सरकारी बंगलों के आसपास गौवंश को हटाने के दौरान कथित तौर पर डंडों से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में कुछ लोग गौवंश को डंडों से मारते हुए और उन्हें काऊ कैचर वाली गाड़ी में जबरन बैठाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि मंत्रियों के बंगलों के आसपास पहुंचे गौवंश को हटाने के लिए यह कार्रवाई की गई।

दावा है कि नवा रायपुर में मंत्रियों के बंगलों के आसपास घूम रहे गौवंश को हटाने के दौरान इस तरह का व्यवहार किया गया। वीडियो सामने आने के बाद अब पशुओं के साथ किए गए व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

दरअसल, नया रायपुर समेत राजधानी के कई इलाकों में सड़कों पर घूमने वाले आवारा गौवंश लंबे समय से प्रशासन और नगर निगम के लिए चुनौती बने हुए हैं। सड़क पर पशुओं की वजह से यातायात प्रभावित होने और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में उन्हें सड़कों और वीआईपी इलाकों से हटाने की कार्रवाई प्रशासन की जिम्मेदारी का हिस्सा हो सकती है।

हालांकि, कार्रवाई के दौरान गौवंश के साथ किस तरह का व्यवहार किया गया, इसे लेकर अब बहस शुरू हो गई है। वायरल वीडियो के आधार पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि पशुओं को हटाने के लिए क्या उन्हें डंडों से पीटना जरूरी था।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment