इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने बड़ा दावा किया है। पार्टी के मुताबिक कार्यक्रम के लिए अब तक एक लाख छात्रों और युवाओं का पंजीयन हो चुका है। इस उपलब्धि पर इंदौर कांग्रेस ने भोलाराम उस्ताद मार्ग पर कार्यक्रम आयोजित कर जश्न मनाया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।
एक लाख पंजीयन पूरे होने की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। आसपास के क्षेत्रों से भी छात्र और युवा कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में हुए पंजीयन से साफ है कि युवाओं में भाजपा सरकार की नीतियों और कामकाज को लेकर नाराजगी है।
छात्रों के मुद्दे राहुल गांधी तक पहुंचाने की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस लगातार छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दे उठाती रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी लोकसभा में विद्यार्थियों से जुड़े कई सवालों को प्रमुखता से उठाया है। ऐसे में छात्रों को उम्मीद है कि राहुल गांधी के जरिए उनकी समस्याओं और मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर आवाज मिलेगी।
एक लाख पंजीयन को बताया बड़ा संकेत
पटवारी ने कहा कि एक लाख युवाओं का पंजीयन सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह बताता है कि युवा अपनी समस्याओं और मुद्दों को सामने रखना चाहते हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्र शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े विषयों पर अपनी बात रख सकेंगे। कांग्रेस का कहना है कि इंदौर में कार्यक्रम को लेकर युवाओं के बीच उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
19 सितंबर को प्रस्तावित है कार्यक्रम
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित है। कांग्रेस इसे छात्रों और युवाओं के साथ संवाद करने और उनकी समस्याओं को मंच देने वाले कार्यक्रम के रूप में देख रही है। एक लाख पंजीयन पूरे होने के बाद पार्टी अब कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी में जुट गई है।





