बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सारण के तरैया विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और राहुल गांधी की जोड़ी जंगलराज की वापसी का प्रतीक है, और बिहार की जनता को राज्य को फिर से अंधकार में नहीं जाने देना है।
अमित शाह ने जनता से अपील की कि राज्य में विकास और सुशासन की गति बनाए रखने के लिए एनडीए को भारी बहुमत से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को जब बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे, तब एनडीए की जीत “बड़ी दीपावली” साबित होगी।
‘बिहार को फिर से अंधकार में नहीं जाने देना है’
गृह मंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को अपराध, भ्रष्टाचार और अराजकता से मुक्त किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू-राहुल की जोड़ी बिहार को फिर से उसी जंगलराज के दौर में ले जाना चाहती है, जहां अपहरण, हत्या और भय का माहौल था। शाह ने कहा कि आज बिहार विकास की राह पर है, और इसे किसी भी कीमत पर रोकने नहीं दिया जाएगा।
‘जाति और भावनाओं के जाल में न फंसें’
अमित शाह ने लोगों से कहा कि वोट देते समय जाति और भावनाओं से ऊपर उठकर विकास को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा, “यह चुनाव सिर्फ सीटों का नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य को सुरक्षित करने का चुनाव है।”
सभा में भाजपा और जदयू के स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। शाह ने विश्वास जताया कि सारण की सभी सीटों पर एनडीए ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा और बिहार एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
‘चार दीपावली मनाने का अवसर’
अमित शाह ने कहा कि बिहार की जनता को इस बार “चार-चार दीपावली मनाने का अवसर” मिलेगा। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को एनडीए की ऐतिहासिक जीत बिहार में “बड़ी दीपावली” के रूप में मनाई जाएगी।



