निकाय चुनाव से पहले महाराष्ट्र के पालघर जिले में मतदाता सूची में गड़बड़ी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला का नाम मतदाता सूची में एक-दो बार नहीं बल्कि छह बार दर्ज मिला। इस घटना ने चुनाव आयोग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चुनाव अधिकारी ने जांच के बाद सभी डुप्लिकेट एंट्रियों को हटा दिया है। महिला का नाम सुषमा संजय गुप्ता, नालासोपारा क्षेत्र की निवासी है। उनका नाम नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कई स्थानों पर दर्ज पाया गया था।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में हुई तकनीकी गलती
जांच के दौरान पता चला कि यह गलती ऑनलाइन वोटर रजिस्ट्रेशन सिस्टम में हुई। सुषमा ने जनवरी 2024 में फॉर्म संख्या-6 भरकर मतदाता पंजीकरण कराया था। लेकिन ईपीआईसी कार्ड समय पर नहीं मिलने के कारण उन्होंने दोबारा आवेदन किया। इसी वजह से उनका नाम सिस्टम में छह बार जुड़ गया।
अधिकारियों ने हटाई डुप्लिकेट एंट्रियां
जिला चुनाव अधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने बताया कि सभी पांच डुप्लिकेट नामों को सूची से हटा दिया गया है। अब मतदाता सूची में महिला का केवल एक ही नाम मौजूद है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी गलती न हो, इसके लिए रजिस्ट्रेशन अधिकारियों को फॉर्म संख्या-7 के माध्यम से सख्त जांच के निर्देश दिए गए हैं।
विपक्ष ने उठाए सवाल
विपक्ष ने इस मामले को लेकर राज्य चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि राज्यभर में मतदाता सूचियों में अनियमितताएं और तकनीकी त्रुटियां बढ़ रही हैं, जिससे मतदाताओं का भरोसा कमजोर हो रहा है। पालघर की यह घटना विपक्ष के इन आरोपों को और मजबूत करती है।







