बयानबाजी की हद पार, जनता सिखाएगी सबक — चिराग पासवान का राहुल-तेजस्वी पर पलटवार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सियासी पारा तेजी से चढ़ रहा है। अब नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। वैशाली जिले के राजापाकड़ विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी महेंद्र राम के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर करारा हमला बोला।

चिराग पासवान ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जो बयान दिया — “इस मर्द से अच्छा तो इंदिरा थी” — वह बेहद असंवेदनशील और अनुचित है। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा भारतीय राजनीति की मर्यादा को ठेस पहुंचाती है। चिराग ने कहा, “प्रधानमंत्री पर निजी हमला करना राहुल गांधी की आदत बन चुकी है। पहले उन्होंने ‘चौकीदार चोर है’ कहा था, जिससे जनता आहत हुई थी। अब एक बार फिर उन्होंने अपनी सीमाएं लांघी हैं।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार ने विकास की दिशा में कई नई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा, “डबल इंजन की सरकार ने राज्य को हजारों करोड़ की योजनाओं का तोहफा दिया है। लेकिन विपक्षी दल सिर्फ अपशब्दों की राजनीति में लगे हैं।”

तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा, “राघोपुर उनका गृहक्षेत्र है, लेकिन वहां विकास दिखाई नहीं देता। चुनाव प्रचार में भी वे जनता से दूर रहते हैं।” उन्होंने कहा कि महागठबंधन की हालत अब भी अव्यवस्थित है, जबकि एनडीए ने सीट बंटवारे से लेकर प्रचार तक सबकुछ संगठित तरीके से किया है।

चिराग ने आगे कहा, “बिहार की जनता अब समझ चुकी है कि कौन विकास की बात करता है और कौन सिर्फ बयानबाजी में माहिर है। जनता आने वाले चुनाव में इसका जवाब जरूर देगी।”

राजापाकड़ की जनसभा में चिराग पासवान के भाषण के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। उनके भाषण के बाद एनडीए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment