विधानसभा भवन के घेराव में कांग्रेस का हल्लाबोल प्रदर्शन : पुलिस से हुई जमकर धक्का-मुक्की

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने आज विधानसभा का घेराव किया। यह घेराव मनरेगा बचाओ, नशे की खेती, रसोई गैस की किल्लत और प्रदेश के स्थानीय मुद्दों को लेकर किया गया। इस दौरान भारत माता चौक शंकर नगर में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने भारत माता चौक के पास बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेसियों को विधानसभा जाने से रोका। कांग्रेसियों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट मौजूद रहे। पीसीसी चीफ दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। घेराव कार्यक्रम में लगभग 30 हजार से ज्यादा कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने केंद्र सरकार पर मनरेगा कानून से महात्मा गांधी का नाम हटाकर और इसे योजना बनाकर खत्म करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद मनरेगा में काम लगभग बंद हो गया है। मनरेगा बंद होने से मजदूर दूसरे प्रदेशों में पलायन कर गए हैं।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत जनता है और आज वंचित, किसान, मजदूर और युवा कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में लोग परेशान हैं और मनरेगा जैसी जनहितकारी योजनाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। पायलट ने कहा कि भाजपा को यह गलतफहमी है कि जनता केवल हिंदू‑मुस्लिम के मुद्दों पर वोट दे देगी, जबकि असल मुद्दे रोज़गार और महंगाई हैं। कहा-मनरेगा के नए स्वरुप में मोदी सरकार ने केंद्रांश घटाकर केंद्रांश और राज्यांश का औसत 60-40 कर दिया है। पहले यह योजना 100 फीसदी केंद्र पोषित थी। जब केंद्र सरकार पूरी राशि देती थी, तब भी राज्य सरकारें इसे लागू करने में कोताही बरतती थीं। अब 40 फीसदी राशि राज्य को वहन करनी होगी, तो वे और भी कोताही बरतेंगी।

हर साल मनरेगा के बजट में 30 से 35 फीसदी की कटौती: दीपक बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार ने मनरेगा के रूप में रोजगार को कानूनी गारंटी दी थी। लेकिन केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा की साय सरकार इसे बंद करने की साजिश कर रही है। मोदी सरकार के 11 साल में मनरेगा को पर्याप्त बजट नहीं मिला। हर साल मनरेगा के बजट में 30 से 35 फीसदी की कटौती की गई है, जिससे मजदूरों की आय स्थिर हो गई है और महंगाई लगातार बढ़ रही है।

2029 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी और राहुल गांधी प्रधानमंत्री होंगे: भूपेश

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र की मोदी सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, किसानों को खाद नहीं मिल रही और आम जनता परेशान है। भूपेश बघेल ने दावा किया कि वर्ष 2029 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी और राहुल गांधी प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बाद मनरेगा की राशि डेढ़ गुना की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment