रायपुर/नई दिल्ली। रायपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल को केंद्र सरकार ने एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ‘हिन्दी सलाहकार समिति’ का सदस्य मनोनीत किया गया है।
इस समिति के अध्यक्ष केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू हैं, जबकि राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन समिति के उपाध्यक्ष हैं।
हिन्दी सलाहकार समिति का मुख्य काम मंत्रालय के कामकाज में राजभाषा हिन्दी के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। साथ ही संविधान, राजभाषा अधिनियम और इससे जुड़े नियमों के तहत हिन्दी के प्रभावी इस्तेमाल को सुनिश्चित करना भी समिति की जिम्मेदारी होगी। मंत्रालय की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम लोगों तक हिन्दी के जरिए आसानी से पहुंचाने पर भी जोर रहेगा।
अपनी नियुक्ति पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हिन्दी केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक पहचान, राष्ट्रीय एकता और लोगों को जोड़ने वाली भाषा है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय के कामकाज में हिन्दी का अधिक इस्तेमाल होने से सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक ज्यादा सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंच सकेगी।
बृजमोहन अग्रवाल ने इस जिम्मेदारी के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू का आभार जताया।






