निशु आजाद के समर्थन में राहुल गांधी, जंतर-मंतर मारपीट मामले में फिर उठे सवाल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ हुई मारपीट का मामला एक बार फिर चर्चा में है। निशु आजाद ने इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मदद की अपील की थी। इसके बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए निशु का समर्थन करते हुए न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया है।

निशु आजाद का आरोप है कि वायरल हो रही एक पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने खुद उनके पिता पर हमला करने की बात कही है। उनका कहना है कि घटना के बाद ही FIR दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से अब उनका भरोसा उठ गया है।

राहुल गांधी ने निशु के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “मैं तुम्हारे साथ हूं।” उन्होंने इस मामले में कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि 23 जून 2026 को जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान हाथापाई हुई थी, जिसमें संजय कुमार के सिर में चोट लगी थी। पुलिस के मुताबिक, RML अस्पताल में उनकी चोट मामूली बताई गई थी। पुलिस का कहना है कि चोट किसी हथियार से नहीं, बल्कि कड़े से लगने की बात सामने आई थी।

पुलिस के अनुसार, संजय कुमार की शिकायत पर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सूरज कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई है। पुलिस ने मामले में जल्द चार्जशीट दाखिल करने की बात कही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment