केक से दूर, अपनों के करीब: कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने बुजुर्गों और बच्चों के बीच मनाया जन्मदिन

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बालोद।आमतौर पर जन्मदिन लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ केक काटकर मनाते हैं, लेकिन बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अपना जन्मदिन कुछ अलग अंदाज में मनाया। उन्होंने इस खास दिन को बुजुर्गों और स्कूली बच्चों के साथ बिताया। पहले वह वृद्धाश्रम पहुंचीं, जहां बुजुर्ग महिलाओं से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वनांचल के गांव नंगूटोला पहुंचकर स्कूली बच्चों के साथ न्योता भोज किया और उन्हें उपहार भी दिए।

जन्मदिन के मौके पर कलेक्टर दिव्या मिश्रा आदमाबाद स्थित समाज कल्याण विभाग के वृद्धाश्रम पहुंचीं। यहां उन्होंने बुजुर्ग महिलाओं के साथ समय बिताया और उनका हालचाल जाना। उन्होंने बुजुर्गों को फल और रोजमर्रा में उपयोग होने वाली सामग्री भेंट की। इस दौरान उन्होंने उनके स्वास्थ्य, दिनचर्या और खान-पान की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने आश्रम प्रबंधन को बुजुर्गों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बच्चों के बीच पहुंचकर मनाया जन्मदिन

वृद्धाश्रम के बाद कलेक्टर डौंडीलोहारा विकासखंड के आदिवासी बहुल ग्राम नंगूटोला पहुंचीं। यहां शासकीय प्राथमिक शाला में उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान बच्चों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ न्योता भोज का आयोजन हुआ।

खास बात यह रही कि कलेक्टर खुद बच्चों के साथ जमीन पर बैठीं और अपने हाथों से उन्हें भोजन परोसा। इसके बाद बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों को स्कूल बैग, जूते और टॉफियां भी बांटीं।

कलेक्टर के इस सहज अंदाज से बच्चे भी काफी खुश नजर आए। उन्होंने बच्चों से बातचीत करते हुए कहा कि पढ़ाई जीवन में आगे बढ़ने का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता है। बच्चों को मन लगाकर और ईमानदारी से पढ़ाई करने की समझाइश देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा के जरिए वे अपने माता-पिता, परिवार और स्कूल का नाम रोशन करें।

बुजुर्गों का आशीर्वाद और बच्चों की मुस्कान बनी खास

कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने अपने जन्मदिन पर एक तरफ वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया, तो दूसरी ओर वनांचल के बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं। उनके इस अंदाज ने जन्मदिन को सिर्फ एक निजी उत्सव के बजाय समाज के साथ खुशियां बांटने का अवसर बना दिया।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रो, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, वृद्धाश्रम का स्टाफ, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment