रायपुर।राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का भी विमोचन किया।
फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों और खेल के क्षेत्र में उनके योगदान को तस्वीरों और जानकारियों के जरिए दिखाया गया है। मुख्यमंत्री साय ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए प्रदेश के खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की इस पहल की सराहना की।
प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित छत्तीसगढ़ की कई खेल विभूतियों के जीवन और योगदान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही वीर हनुमान सिंह के जीवन, उनकी खेल साधना और खेल जगत में उनके योगदान की झलक भी दिखाई गई है।
प्रदर्शनी में खिलाड़ियों के संघर्ष से सफलता तक के सफर को भी दर्शाया गया है। उनकी उपलब्धियों के साथ ऐसे प्रेरक प्रसंगों को भी शामिल किया गया है, जो युवाओं और नई पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
‘हमारे खिलाड़ी’ में दर्ज है खिलाड़ियों की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर ‘हमारे खिलाड़ी’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। इस पुस्तक में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के जीवन परिचय, खेल यात्रा, उपलब्धियों और योगदान को तस्वीरों के साथ शामिल किया गया है।
यह पुस्तक प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक जगह दर्ज करने के साथ ही छत्तीसगढ़ की खेल विरासत से नई पीढ़ी को परिचित कराने का काम करेगी।
फोटो प्रदर्शनी और कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ को खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जनसंपर्क विभाग ने तैयार किया है। इसके जरिए प्रदेश के पुराने खेल इतिहास, खेल विभूतियों और मौजूदा खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक मंच पर लाने की कोशिश की गई है।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विजय बघेल, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया और जशवंत क्लॉडियस (अंतर्राष्ट्रीय कमेंटेटर) सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।





