रायपुर, 23 अगस्त 2026। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 23 गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के इलाज के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से कुल 69 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों और अनुशंसा के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा मंजूर की गई है। प्रत्येक पात्र मरीज के उपचार के लिए 3 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत हुई है।
सांसद कार्यालय के अनुसार, सहायता पाने वाले मरीज बोन मैरो ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट, हार्ट सर्जरी, कैंसर और थैलेसीमिया मेजर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। महंगे इलाज के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहे परिवारों के लिए यह सहायता बड़ी राहत मानी जा रही है।

स्वीकृत राशि देश के विभिन्न प्रमुख अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों के उपचार के लिए भेजी गई है। इनमें इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल नई दिल्ली, नारायण हृदयालय/हेल्थ सिटी बेंगलुरु, अपोलो हॉस्पिटल जुबली हिल्स हैदराबाद, मूलजीभाई पटेल यूरोलॉजिकल हॉस्पिटल नडियाद, कोवई मेडिकल सेंटर एंड हॉस्पिटल कोयंबटूर, वॉकहार्ट हॉस्पिटल नागपुर, फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट गुरुग्राम सहित रायपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय और श्री बालाजी इंस्टीट्यूट शामिल हैं।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता उनका परिवार है और जरूरतमंदों की मदद करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
आर्थिक तंगी के बीच इलाज करा रहे मरीजों के परिजनों ने सहायता के लिए सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। परिजनों का कहना है कि इस आर्थिक मदद से उन्हें इलाज जारी रखने में बड़ी राहत मिली है।






