मवेशी विवाद बना खूनी जंग, घात लगाकर ग्रामीणों पर हमला; एक की मौत

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बिलासपुर।मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम रलिया में मवेशियों को जंगल में छोड़ने के विवाद को लेकर ग्रामीणों पर घात लगाकर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में एक किसान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों का मस्तूरी के अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम लिमतरा निवासी जीवन मेहर (38) खेती-किसानी करते थे। गुरुवार को वह गांव के ही हीरालाल यादव (50), राकेश बरगाह (28) और मुकेश पटेल (38) के साथ आवारा मवेशियों को दलहा पहाड़ के जंगल में छोड़ने गए थे। शाम करीब 5 बजे वे मवेशियों को लेकर जंगल की ओर निकले थे। रात में मवेशियों को जंगल में छोड़ने के बाद चारों दो बाइक से वापस गांव लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि उनके लौटने की जानकारी मिलने पर रलिया गांव के करीब 6 से 8 लोग रास्ते में पहले से छिपकर बैठे थे। रात करीब 8.30 बजे जैसे ही चारों ग्रामीण वहां पहुंचे, आरोप है कि छिपे लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जीवन मेहर को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन घायलों का उपचार जारी है।

सिर पर रॉड और डंडे से हमला

घायलों के अनुसार, हमलावर पहले से ही रास्ते में छिपे हुए थे। उन्होंने आवारा मवेशियों को जंगल में छोड़ने की बात को लेकर विवाद शुरू किया और इसके बाद हमला कर दिया। आरोप है कि जीवन मेहर के सिर पर लोहे की रॉड और डंडे से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल होकर जब जीवन सड़क पर गिर गए तो उनके साथी किसी तरह वहां से भागने की कोशिश करने लगे।

घायलों ने यह भी बताया कि हमलावरों में से किसी ने उन्हें आवाज लगाकर “लाश ले जाओ” कहा।

पुराने विवाद की बात सामने आई

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आवारा मवेशियों को जंगल में छोड़ने की बात को लेकर रलिया गांव के कुछ लोगों में पहले से नाराजगी थी। इसी विवाद के चलते हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना की असली वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और पुलिस घायलों के बयान भी दर्ज कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment