कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से कानून व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एसईसीएल के एक आवास में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया, जिसमें पुलिस की इमरजेंसी सेवा डायल 112 का चालक भी शामिल पाया गया है। घटना आठ जनवरी की रात की बताई जा रही है, जिसने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
जानकारी के अनुसार, बाकी मोगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती को आरोपियों ने साजिश के तहत अपने झांसे में लिया और एसईसीएल के मकान में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस जघन्य अपराध में कुल पांच युवक शामिल थे।
मामले के सामने आते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं। पीड़िता को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइन थाना में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस का बयान
दर्री सीएसपी विमल पाठक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में डायल 112 सेवा का चालक भी शामिल है, जो कांट्रैक्ट के आधार पर कार्यरत था। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किए जाने का दावा किया जा रहा है।



