रायपुर।राजधानी रायपुर के भनपुरी क्षेत्र में हाल ही में तेलुगु प्रजा सेवा समिति का गठन किया गया। जनसेवा और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से क्षेत्र के सक्रिय लोगों ने इसमें उत्साह के साथ भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से समिति के पदाधिकारियों का चयन किया गया।
समिति के संरक्षक रोक्कम श्रीनिवास राव, अध्यक्ष पी. पापाराव, उपाध्यक्ष एम. वासुदेव राव, सचिव जे. कृष्णा राव, कोषाध्यक्ष टी.एच. प्रसाद, सहकोषाध्यक्ष एम. त्रिनाथ राव और सहसचिव डी. वेंकट राव चुने गए। इसके अलावा टी. रामू राव, वी. मधु राव, डी. कृष्णा रेड्डी, आर. सत्यनारायण, ए. शंकर राव, डी. सुधाकर रेड्डी, पी. श्रीनिवास राव, एम. नरसिमुलुराव और जी. भुजंग राव सहित कई लोगों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया।
समिति ने अपने गठन के बाद 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पहला कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बंजारी माता वार्ड की पार्षद अंबिका साहू थीं, जबकि अध्यक्षता समिति के संरक्षक रोक्कम श्रीनिवास राव ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसमें कुशल स्कूल भनपुरी के विद्यार्थियों और शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में भनपुरी क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
समिति के अध्यक्ष पी. पापाराव ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सचिव जे. कृष्णा राव ने समिति के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। संरक्षक रोक्कम श्रीनिवास राव ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों, महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की।
उन्होंने नवगठित तेलुगु प्रजा सेवा समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई देते हुए सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से जुटने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि पार्षद अंबिका साहू ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वार्ड में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए तेलुगु प्रजा सेवा समिति के गठन पर खुशी जताई और समिति के सामाजिक कार्यों में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को स्वल्पाहार के पैकेट वितरित किए गए।





