रायपुर।राजधानी रायपुर में पुलिस ने ड्रग्स के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों से नशीले पदार्थ रायपुर पहुंचाए जा रहे थे। आउटर की कॉलोनियों में किराए के मकानों को कथित तौर पर ड्रग्स रखने के ठिकाने के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। यहां से छोटी-छोटी खेप देश के 12 राज्यों तक भेजी जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में 164 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान करीब साढ़े 5 करोड़ रुपये का सामान जब्त किया गया है। इसमें 588 किलो गांजा, MDMA, कोकीन और नशीली गोलियां शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 19 वाहन और 81 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि पुलिस की कार्रवाई बढ़ने के बाद तस्करों ने अपने ठिकाने बदलने शुरू कर दिए हैं। रायपुर से आगे दुर्ग-भिलाई और आसपास के इलाकों में नए ठिकाने बनाए जाने की जानकारी सामने आई है।
अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं और उनके संपर्कों का पता लगाने में जुटी है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस ड्रग्स नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं।






