जिम्बाब्वे की मशहूर लेक करिबा में यात्रियों से भरी एक पुरानी नाव पलट गई। हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
राहत और बचाव दल ने अब तक 77 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर झील के एक द्वीप पर पहुंचाया है। बताया जा रहा है कि नाव में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे।
जिम्बाब्वे की नागरिक सुरक्षा इकाई के मुताबिक, टिकट बिक्री के आंकड़ों के आधार पर नाव में 114 वयस्क यात्री और चालक दल के 5 सदस्य मौजूद थे। हालांकि, नाव में ऐसे बच्चे भी सवार हो सकते हैं, जिनके लिए टिकट जरूरी नहीं होता। ऐसे में यात्रियों की वास्तविक संख्या इससे अधिक होने की आशंका है।
नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने इस हादसे को आधिकारिक तौर पर आपदा घोषित करने की सिफारिश की है। लापता लोगों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है।
लेक करिबा जिम्बाब्वे और जाम्बिया दोनों देशों में फैली हुई है। दोनों देशों की आधिकारिक सीमा झील के बीच से होकर गुजरती है।





