7 दिसंबर को होगी अमीन भर्ती परीक्षा: 38 हजार परीक्षार्थी शामिल, 126 परीक्षा केंद्र बनाए गए

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर समेत प्रदेश के 16 जिलों में जल संसाधन विभाग की अमीन भर्ती परीक्षा 7 दिसंबर को आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में अकेले बिलासपुर जिले से 38 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए जिलेभर में 126 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन और व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने साफ निर्देश दिए हैं कि परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचें, ताकि फोटोयुक्त पहचान पत्र से उनकी जांच की जा सके। प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की फिजिकल तलाशी अनिवार्य रहेगी। निर्धारित समय से 30 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे और उसके बाद किसी भी स्थिति में केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

ड्रेस कोड को लेकर भी सख्ती बरती गई है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। फुल स्लीव शर्ट, जैकेट, गहरे रंग के कपड़े, मोटे तलवे वाले जूते, हाई हील, बड़े बटन वाले कपड़े और काले, नीले, बैंगनी, हरे, चॉकलेट जैसे गहरे रंग के परिधान पहनना प्रतिबंधित किया गया है। बिना पॉकेट वाला साधारण स्वेटर पहनने की अनुमति होगी। धार्मिक व सांस्कृतिक पहनावे वाले उम्मीदवारों को सामान्य समय से पहले पहुंचकर अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा, तब ही उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति मिलेगी।

महिला अभ्यर्थियों के लिए भारी गहने पहनने पर रोक लगाई गई है। सभी परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड के साथ एक मान्य फोटो पहचान पत्र—आधार, पैन, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटर आईडी—लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा दोपहर 12 बजे से शुरू होगी और निर्धारित समय में ही अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश दिया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment