मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस के सभी विभागों, प्रकोष्ठों और उनकी सभी स्तर की इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। यह निर्णय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के मार्गदर्शन में लिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मंशा के अनुरूप संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब सभी विभागों और प्रकोष्ठों का नए सिरे से गठन किया जाएगा।
डॉ. कामले के अनुसार, संगठनात्मक पुनर्गठन का उद्देश्य कांग्रेस में नई ऊर्जा, नई कार्यसंस्कृति और प्रभावी जवाबदेही स्थापित करना है। इसके तहत बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं, उन्हें उनकी सक्रियता, समर्पण और कार्यक्षमता के आधार पर संगठन में उचित जिम्मेदारी और अवसर दिए जाएंगे।
डॉ. कामले ने बताया कि पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी विभागों और प्रकोष्ठों का नए स्वरूप में गठन कर इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। प्रेस विज्ञप्ति के साथ भंग किए गए सभी विभागों और प्रकोष्ठों की सूची भी संलग्न की गई है।







