सलधा धाम में वेद, योग और सनातन का महासंगम: शंकराचार्य के सानिध्य में निखर रहे बटुक

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बेमेतरा।बेमेतरा जिले के पावन सलधा धाम इन दिनों आध्यात्मिक और वैदिक वातावरण से भरा हुआ है। जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज चातुर्मास्य अनुष्ठान के लिए सलधा धाम पहुंचे हुए हैं। वे लगभग दो माह तक यहीं प्रवास कर रहे है और बटुकों को वेद, शास्त्र एवं योग की शिक्षा प्रदान कर रहे है।

शंकराचार्य महाराज के सानिध्य में सलधा धाम में वेद, शास्त्र और योग का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे नन्हे बटुक प्रतिदिन योगाभ्यास भी कर रहे हैं। योग का प्रशिक्षण स्वयं शंकराचार्य महाराज के मार्गदर्शन में कराया जा रहा है, जिससे उनमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का समन्वय हो रहा है।

सलधा धाम में प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, वैदिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना, सत्संग तथा अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु शंकराचार्य महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं और सनातन धर्म की परंपराओं से जुड़ने का अवसर पा रहे हैं।

इन दिनों सलधा धाम पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। आस्था, श्रद्धा, वैदिक संस्कृति और सनातन परंपरा का अनूठा संगम पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment