रायपुर।रायपुर सेंट्रल जेल में कैदियों तक नशीला सामान पहुंचाने का हैरान करने वाला तरीका सामने आया है। जेल में मिलने आने वाले लोग प्याज के अंदर गांजा और नशीली गोलियां छिपाकर ला रहे थे। वहीं, साबुन की टिकिया के भीतर तंबाकू और प्रतिबंधित टैबलेट्स रखकर भी जेल पहुंचाई जा रही थीं। इतना ही नहीं, चिप्स और नमकीन के पैकेट में सिगरेट भी बरामद हुई है। मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने फिलहाल पैकेटबंद सामान ले जाने पर रोक लगा दी है। अब रोजमर्रा का जरूरी सामान जेल की कैंटीन से ही मिलेगा।
जेल प्रशासन का कहना है कि पिछले कुछ समय से इस तरह के मामले लगातार सामने आ रहे थे। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अब जेल में आने वाले हर संदिग्ध सामान की बारीकी से जांच की जाएगी, ताकि नशीले पदार्थों की सप्लाई पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।






