छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने 10 जुलाई 2026 को आदेश क्रमांक ESTB-102(1)/434/2026-HOME SECTION जारी करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 24 अधिकारियों का तबादला किया है। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) तक की नई पदस्थापना की गई है। साथ ही पुलिस मुख्यालय, राजनांदगांव रेंज और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
गौरतलब है कि इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल की संभावना और प्रमुख बदलावों की जानकारी हमने अपनी पिछली खबर में पहले ही प्रकाशित कर दी थी। अब सरकार ने आधिकारिक आदेश जारी कर इन तबादलों पर मुहर लगा दी है।
आदेश के अनुसार अजय कुमार यादव को पुलिस महानिरीक्षक (IG), राजनांदगांव रेंज बनाया गया है। बालाजी राव सोमवार और प्रशांत कुमार अग्रवाल को पुलिस महानिरीक्षक (IG), पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया है। प्रशांत कुमार ठाकुर, संतोष कुमार शाह, राजेश कुकरेजा तथा रामकृष्ण साहू को उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG), पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी तरह भावना गुप्ता और रवि कुमार कुर्रे को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG), पुलिस मुख्यालय बनाया गया है। ध्रुवेंद्र छवरे को 8वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, राजनांदगांव का सेनानी, सुरज सिंह परिहार को 4वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, माना (रायपुर) का सेनानी तथा श्वेता राजमणि को DIG, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जगदलपुर नियुक्त किया गया है।

जिला स्तर पर हुए फेरबदल में चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, त्रिलोक बंसल को बेमेतरा, सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम (कवर्धा), चंद्रन किरण गंगाराम को बालोद, प्रयोंग कुमार पटेल को सूरजपुर, राय गौरव रायमय्या को बलौदाबाजार-भाटापारा, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर, मयंक गुर्जर को सुकमा, संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, भावना पाण्डेय को धमतरी तथा हर्ष राठौर को कोरिया जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
रायपुर पुलिस में भी बड़ा बदलाव हुआ है। डीसीपी (सेंट्रल) उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर SP, डीसीपी (उत्तर) मयंक गुर्जर को सुकमा SP और डीसीपी (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर SP बनाया गया है। वहीं रविशंकर गुड़िया को नारायणपुर SP से स्थानांतरित कर डीसीपी (पश्चिम), रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
गृह विभाग के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह फेरबदल प्रशासनिक दृष्टि से पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया गया है।







