रायपुर।छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस फेरबदल में सबसे बड़ा बदलाव गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को लेकर हुआ है। उन्हें महज दो महीने पहले ही जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन अब सरकार ने उन्हें कलेक्टर पद से हटाकर मंत्रालय के स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर भेज दिया है। उनकी जगह तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को GPM का नया कलेक्टर बनाया गया है।
महानदी भवन से जारी सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के मुताबिक, कुल 5 IAS अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया गया है। हेमंत रमेश नंदनवार (IAS 2020) को महासमुंद जिला पंचायत के CEO पद से हटाकर संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण (CSDA) के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं, सुमित अग्रवाल (IAS 2021), जो अभी तक दुर्ग नगर निगम के आयुक्त थे, उन्हें अब छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बनाया गया है। इस नियुक्ति के साथ रिमिजियस एक्का (IAS 2011) को इस पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
इसके अलावा, अनुपमा आनंद (IAS 2023), जो सरायपाली (महासमुंद) में SDM के रूप में पदस्थ थीं, उन्हें पदोन्नति देते हुए जिला पंचायत महासमुंद का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।






