सिलाई प्रशिक्षण के दौरान जर्जर पंचायत भवन छत का प्लास्टर गिरा, दो युवती घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बकावंड। विकासखंड बकावंड के ग्राम पंचायत मालगांव में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पंचायत भवन में चल रहे सिलाई प्रशिक्षण के दौरान अचानक छत का प्लास्टर गिर गया, जिससे दो युवतियां घायल हो गईं। हादसे के वक्त भवन में करीब एक दर्जन महिलाएं और युवतियां सिलाई सीख रही थीं।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन की योजना के तहत मालगांव पंचायत भवन में सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण चल रहा है। शनिवार को प्रशिक्षण के बीच अचानक जर्जर छत का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से दो युवतियों को हल्की चोटें आईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

घटना के बाद प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद महिलाओं ने पंचायत भवन की खराब हालत को लेकर चिंता जताई और जल्द मरम्मत की मांग की। मौके की तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि छत का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया है और सरिया भी बाहर निकल आया है।

क्षेत्र क्रमांक 25 की जनपद सदस्य नमिता भोलानाथ नाग ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। उन्होंने जिला प्रशासन से पंचायत भवन की जल्द मरम्मत कराने और भवन सुरक्षित होने तक सिलाई प्रशिक्षण को किसी दूसरी सुरक्षित जगह पर संचालित करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि घायल युवतियों के इलाज में मदद दी जाए और पंचायत भवन की मरम्मत जल्द कराई जाए।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment