किरण देव के प्रयास से माड़पाल और पंडरीपानी में बनेंगे दो नए महतारी सदन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जगदलपुर। जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली है। ग्राम माड़पाल और पंडरीपानी में महतारी सदन निर्माण के लिए स्वीकृति मिल गई है। इस उपलब्धि पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया है।

विधायक किरण देव ने बताया कि दोनों गांवों में महतारी सदन निर्माण के लिए कुल 60 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। माड़पाल और पंडरीपानी में 30-30 लाख रुपये की लागत से भवन बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होंगे।

उन्होंने बताया कि इससे पहले जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के कोलेंग, चिंगपाल, मारकेल और नानगुर में चार महतारी सदनों का निर्माण पूरा हो चुका है। अब दो नए महतारी सदनों की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में ऐसे भवनों की संख्या बढ़कर छह हो जाएगी।

किरण देव ने कहा कि महतारी सदन महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जागरूकता अभियानों और विभिन्न सामाजिक आयोजनों के संचालन के लिए उपयोगी साबित होंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और समाज में सक्रिय भागीदारी निभाने का बेहतर अवसर मिलेगा।

महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र की महिलाओं में खुशी का माहौल है। ग्रामीण महिलाओं ने इसके लिए विधायक किरण देव का धन्यवाद जताया है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है तथा महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment