बीएसयूपी कॉलोनी में रायपुर पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 300 से अधिक मकानों की जांच

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने बीएसयूपी कॉलोनी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। सरस्वती नगर, आमानाका और न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में फैली कॉलोनी में करीब 100 पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक साथ दबिश देकर 300 से अधिक मकानों की सघन जांच की।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्तों ने की। सुबह 8 बजे शुरू हुए अभियान के दौरान कॉलोनी के विभिन्न ब्लॉकों, मकानों और सार्वजनिक स्थलों की बारीकी से तलाशी ली गई।

अभियान के दौरान क्षेत्र में रहने वाले गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों, आदतन अपराधियों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। वहीं, बाहर से आकर किराये या अस्थायी रूप से निवास कर रहे लोगों के दस्तावेजों की भी जांच की गई।

पुलिस टीमों ने घर-घर पहुंचकर रहवासियों से जानकारी जुटाई और उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव दिए। किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए उनका सत्यापन किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment