अंबिकापुर। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में मानव तस्करी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर की गई जांच के दौरान झारखंड से पहुंची एक बस से 16 युवतियों सहित कुल 20 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी को रोजगार दिलाने का लालच देकर कर्नाटक ले जाया जा रहा था।
मामले की सूचना मिलते ही जिला बाल संरक्षण इकाई और सामाजिक संस्था एमएसवीपी (MSVP) की टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में यात्रा कर रहे लोगों को बस से उतारकर सुरक्षित संरक्षण में लिया और संभावित मानव तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया।

रेस्क्यू किए गए सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग की जा रही है। साथ ही अधिकारियों द्वारा उनसे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
इधर पुलिस मानव तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध पर प्रशासन की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।







