जिले के कोटमी में हुए सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आया है। मृतक के छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से WhatsApp मैसेज भेजकर किसी व्यक्ति ने प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या करने का दावा किया है। मैसेज में लिखा गया है, “प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या मैंने की है, आपको जो करना है कर लेना।”
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने मैसेज में न केवल हत्या की जिम्मेदारी लेने की बात कही, बल्कि मृतक के बेटे को लेकर भी धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया। इससे परिवार में दहशत का माहौल है। हालांकि, धमकी भरा संदेश भेजने के कुछ समय बाद उसी व्यक्ति ने चैट पर माफी भी मांगी है, जिससे मामले ने और भी रहस्यमय रूप ले लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर सेल की मदद से संबंधित नंबर को ट्रेस करने में जुटी हुई है। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और मोबाइल लोकेशन की तकनीकी जांच भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मैसेज हत्या से जुड़े किसी अहम सुराग की ओर इशारा कर सकता है या फिर जांच को प्रभावित करने की कोशिश भी हो सकती है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
कोटमी के चर्चित सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या पहले से ही इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। अब इस नए WhatsApp मैसेज ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मैसेज भेजने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली जाएगी।







