जून महीने की शुरुआत के साथ ही महंगाई ने एक बार फिर आम लोगों को झटका दिया है। 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ने की आशंका है। नई दरों के अनुसार दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये महंगा होकर 3,113.50 रुपये का हो गया है।
कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर सवाल उठने लगे हैं। विपक्ष और आम उपभोक्ताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच गैस सिलेंडर के दाम बढ़ना लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है। खासकर छात्र, प्रवासी मजदूर और नौकरीपेशा वर्ग पर इसका असर देखने को मिल सकता है, जो बाहर रहकर होटल और भोजनालयों पर निर्भर रहते हैं।
वहीं 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 821.50 रुपये हो गई है।
हालांकि राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके बावजूद कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार की महंगाई नियंत्रण नीति पर सवाल उठ रहे हैं। बढ़ी हुई नई दरें 1 जून से लागू हो गई हैं।






