रायपुर।राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध व्यवसायी और इंटीरियर डिजाइनर अजय सुंदर निहलानी का पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में निधन हो गया। वह एक व्यावसायिक दौरे पर यूरोप गए हुए थे। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
परिजनों ने बताया कि अजय निहलानी का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए भारतीय दूतावास, स्थानीय प्रशासन और प्रधानमंत्री कार्यालय से सहयोग मांगा गया है ताकि जल्द से जल्द उनका शव रायपुर पहुंचाया जा सके।
जानकारी के मुताबिक अजय निहलानी भारत से गए 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। इस दल में रायपुर के दो लोग शामिल थे। उनके साथ मौजूद नीरज बाजपेयी अस्पताल और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं।
इस बीच सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि अजय निहलानी के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने में हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।







