रायपुर।छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में अटैचमेंट खत्म करने के सरकार के आदेश के बावजूद नियमों की अनदेखी का मामला फिर चर्चा में है।
जांजगीर-चांपा जिले में डीईओ ने एक शिक्षक को सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (ABEO) का प्रभार दे दिया है। बताया जा रहा है कि सरकार ने पहले ही आदेश दिया था कि अटैचमेंट व्यवस्था खत्म की जाए, लेकिन इसके बावजूद यह नियुक्ति कर दी गई।
आदेश के अनुसार ABEO के 25 प्रतिशत पद सिर्फ पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठकों से भरे जाने हैं, लेकिन इसके उलट शिक्षक संजय सिंह राठौर को बम्हनीडीह में ABEO का जिम्मा सौंप दिया गया है।

इस फैसले के बाद शिक्षा विभाग में नाराजगी बढ़ गई है। अंदरखाने सवाल उठ रहे हैं कि एक शिक्षक अब प्राचार्य और व्याख्याताओं जैसे वरिष्ठ और राजपत्रित अधिकारियों को निर्देश कैसे देगा।
विभाग के आदेश में यह भी लिखा गया है कि कलेक्टर की मंजूरी ली गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब सरकार खुद अटैचमेंट खत्म करने की बात कर रही है, तो फिर ऐसे आदेश कैसे जारी हो रहे हैं।





