कबाड़ी गोदाम में लगी भीषण आग, नेशनल हाईवे पर लगा लंबा जाम

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायगढ़। जिले के छातामुड़ा बाईपास रोड स्थित एक कबाड़ी गोदाम में शनिवार को अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक जिस कबाड़ी गोदाम में आग लगी, उसके ठीक पास ही हीरो मोटरसाइकिल का शोरूम मौजूद है। आग तेजी से फैलती देख प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के कई शोरूम और दुकानों को तुरंत खाली करवाया। मौके पर मौजूद लोग भी अपने स्तर पर आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन आग की तीव्रता के आगे शुरुआती कोशिशें बेअसर साबित हुईं।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। लेकिन आग लगातार बढ़ती गई, जिसके चलते नगर निगम की दमकल गाड़ियां भी कम पड़ गईं। हालात को देखते हुए NTPC लारा और जिंदल स्टील एंड पावर से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की मदद मंगाई गई है।

फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर डटी हुई हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

हाईवे पर मची अफरा-तफरी
रायगढ़-रायपुर नेशनल हाईवे किनारे बने इस कबाड़ी गोदाम में लगी आग के चलते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। ट्रैफिक संभालने और आग बुझाने के काम में बाधा न आए, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही लोगों को मौके से दूर हटाने के लिए भी टीम लगातार प्रयास कर रही है।

आग लगातार फैलने से बगल में मौजूद हीरो होंडा शोरूम तक खतरा पहुंच गया। हालात को देखते हुए शोरूम के अंदर खड़ी नई बाइकों को तेजी से बाहर निकाला जा रहा है। आग बुझाने में जुटी टीम ने शोरूम खाली कराने के लिए अतिरिक्त मदद भी मांगी है।

अब तक लाखों रुपए का कबाड़ और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment