रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ाने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 4 दिनों में तापमान करीब 5 डिग्री तक और बढ़ सकता है। रायपुर सहित कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में आज तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
हालांकि बीच-बीच में कुछ जगहों पर तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है, लेकिन इससे गर्मी से ज्यादा राहत मिलने के आसार कम ही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के बाद केरल पहुंच सकता है।
पिछले कुछ दिनों की हल्की बारिश के बाद अब प्रदेश में फिर से तेज धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी। बिलासपुर इस दौरान सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।






