सांसद बृजमोहन: प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

रायपुर।बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से काम करने वाला एक बड़ा परिवार है। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं, जो सरकार और जनता के बीच मजबूत कड़ी बनकर काम करते हैं।

चंपारण में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत भाजपा रायपुर ग्रामीण जिला के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के समापन कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने “अंत्योदय से संतृप्ति” विषय पर विस्तार से बात की।

उन्होंने कहा कि आज भाजपा कार्यकर्ताओं को पहले की तुलना में काफी बेहतर माहौल में काम करने का अवसर मिला है। एक दौर ऐसा भी था जब जनसंघ और भाजपा के कार्यकर्ताओं को आंदोलन करना पड़ता था, जेल जाना पड़ता था और लाठीचार्ज झेलना पड़ता था। अपने पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि विद्यार्थी परिषद और भाजपा के दौर में वे करीब 60 बार जेल गए और कई आंदोलनों में हिस्सा लिया, लेकिन उनके मन में हमेशा राष्ट्र और संगठन सर्वोपरि रहा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अब समय बदल चुका है। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार होने के कारण कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि अब सड़कों पर आंदोलन करने की जगह लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सबसे बड़ा काम है।

उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत का जिक्र करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही भाजपा की सोच है। सरकार इसी लक्ष्य के साथ गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों के लिए योजनाएं चला रही है।

कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपील की कि वे अपने गांव, वार्ड और बूथ स्तर पर लगातार लोगों के संपर्क में रहें, उनकी परेशानियां समझें और उन्हें सरकारी योजनाओं का फायदा दिलाने में मदद करें। उन्होंने कहा कि कई बार कार्यकर्ताओं को ही योजनाओं की पूरी जानकारी नहीं रहती, जबकि सरकार की कई योजनाएं सीधे आम लोगों के लिए बनाई गई हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों से देश में सबसे ज्यादा समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं और जल जीवन मिशन के माध्यम से गांवों तक पेयजल पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को भाजपा के वैचारिक नेताओं के जीवन और संघर्ष को पढ़ने की सलाह भी दी। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेई के जीवन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि भाजपा आज जिस मुकाम पर पहुंची है, उसमें इन नेताओं के त्याग और संघर्ष की बड़ी भूमिका है।

उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रसिद्ध पंक्ति दोहराते हुए कहा “अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा”, और कहा कि आज देश विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में टंकराम वर्मा , अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, गणेश शंकर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment