प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऊर्जा संकट के बीच एक अहम संदेश देते हुए अपने काफिले में बड़ा बदलाव किया है। अब प्रधानमंत्री के साथ केवल दो गाड़ियाँ ही चल रही हैं, वह भी सुरक्षा प्रोटोकॉल (SPG) को देखते हुए इस्तेमाल किया जा रहा है।
देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील के बाद खुद प्रधानमंत्री ने सिर्फ 2 गाड़ियों के काफिले के साथ उदाहरण पेश किया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार (13 मई 2026) की सुबह भी प्रधानमंत्री कैबिनेट बैठक में पहले की तुलना में छोटे काफिले केवल चार गाड़ियों के साथ पहुँचे थे। इसके बाद अब इसे और घटाकर सिर्फ दो वाहनों तक सीमित कर दिया गया है।
यह कदम वैश्विक स्तर पर गहराते ऊर्जा संकट और ईंधन संरक्षण की जरूरत को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में देशवासियों से भी अपील की थी कि पेट्रोल और डीजल का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही करें और ईंधन बचत को आदत बनाएं।
इस पहल के साथ-साथ एक और अहम बात सामने आई है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी है। उन्होंने भी ईंधन बचत की दिशा में उदाहरण पेश करते हुए काफिले को पहले से काफी छोटा कर दिया है।
सरकार का यह संदेश साफ है ऊर्जा की बचत सिर्फ नीति नहीं, बल्कि व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी है।



