अजमेर। राजस्थान के अजमेर में स्थित सेवन वंडर पार्क में बना ताजमहल अब इतिहास बनने जा रहा है। पार्क को तोड़े जाने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। मजदूर हथौड़ों से ताजमहल की प्रतिकृति के गुंबद को गिरा रहे हैं और मलबा हटाने के लिए बुलडोजर भी लगाया गया है। इस दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक टीमें मौजूद रहीं।

यह पार्क करीब 11.64 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था और 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसका उद्घाटन किया था। यह जगह पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए पिकनिक और फोटोशूट की पसंदीदा लोकेशन बन चुकी थी।

हालांकि, पार्क निर्माण पर वेटलैंड नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया। सर्वोच्च न्यायालय ने सुनवाई के बाद आदेश दिया कि पूरे पार्क को हटाया जाए। कोर्ट ने 17 सितंबर तक पार्क की सभी संरचनाओं को ध्वस्त करने की समय-सीमा तय की है। इसी कड़ी में पहले स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की प्रतिकृति को तोड़ा जा चुका है और अब ताजमहल समेत बाकी स्मारकों पर भी बुलडोजर चल रहा है।







