दुर्ग में धर्मांतरण विवाद पर बवाल, दोनों पक्षों में झड़प और मारपीट, एफआईआर दर्ज

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भिलाई। दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में रविवार को धर्मांतरण के प्रयास को लेकर बड़ा विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि एक निजी घर में प्रार्थना सभा चल रही थी, इसी दौरान वहां धर्मांतरण की गतिविधि होने का आरोप लगा। इसकी जानकारी मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया।

इसी बीच मसीही समुदाय के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद झूमाझटकी और मारपीट की स्थिति बन गई। इस दौरान विरोध कर रही कुछ महिलाओं के कपड़े फट गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग करते हुए थाने ले आई। पुलिस ने दोनों तरफ से मिली शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है।

जानकारी के मुताबिक, पद्मनाभपुर स्थित कालीबाड़ी इलाके के पास सुबह 10 बजे एक मकान में मसीही समुदाय द्वारा प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान धर्मांतरण के आरोप पर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई। इसके बाद क्रिश्चियन काउंसिल ऑफ चर्च के अध्यक्ष एम. जोनाथन सहित अन्य लोग भी पहुंचे और विवाद बढ़ गया।

थाने में शिकायत के बाद पुलगांव थाना परिसर में दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर विरोध जताने लगे।

बयान

रतन यादव, प्रांतीय संयोजक, बजरंग दल ने कहा — “निजी मकान को अवैध तरीके से चर्च का रूप दिया गया और धर्मांतरण की कोशिश हो रही थी। विरोध करने पर महिलाओं के कपड़े फाड़ दिए गए।”

बी. स्वामी नादुलु, बिशप दुर्ग ने कहा — “हम सिर्फ शांतिपूर्वक प्रार्थना कर रहे थे, लेकिन अचानक कुछ लोग विरोध करने लगे और झगड़ा शुरू हो गया।”

पुलिस ने हिंदू संगठनों की शिकायत पर एम. जोनाथन व अन्य के खिलाफ धारा 299, 296, 115, 351 बीएनएस और मसीही समुदाय की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 298, 115, 351 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment