छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में टूरिज्म बोर्ड की एक महिला अधिकारी के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर आपत्तिजनक बातें कीं और सेक्स की मांग की। इतना ही नहीं, आरोपी ने व्हाट्सऐप पर अपनी नग्न तस्वीरें भी भेजीं। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज भी की।
महिला अधिकारी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अश्लील कॉल करने और आपत्तिजनक फोटो भेजने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 30 अप्रैल की सुबह एक अनजान नंबर से उनके पास कॉल आया। कॉल करने वाले ने बातचीत के दौरान निजी जीवन से जुड़े सवाल पूछे और आपत्तिजनक बातें करते हुए सेक्स की मांग की।
जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद 4 मई की सुबह फिर उसी नंबर से कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज आए, जिनमें आरोपी ने अपनी नग्न तस्वीरें भेजीं, जिससे महिला मानसिक रूप से परेशान हो गईं।
पीड़िता का कहना है कि इस घटना का असर उनकी निजी जिंदगी पर भी पड़ा है और वह मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में महिला ने संबंधित मोबाइल नंबर भी पुलिस को सौंपा है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
टिकरापारा पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



