बलौदाबाजार। जिले के कटगी क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते उसने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, कटगी स्थित रमेश ऑटो पार्ट्स की दुकान में लगी इस आग ने करीब तीन घंटे तक विकराल रूप धारण किए रखा। आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस हादसे में दुकान के अंदर रखे महंगे ऑटो पार्ट्स पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इतना ही नहीं, पास के कमरे में रखी नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस घटना में करीब 10 से 15 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
वहीं, सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।



